ग्वालियर: पिछले कई दिनों से दिखाई दे रहा चीता अब गर्मी और पानी की कमी के चलते तिघरा इलाके में देखा गया है। वन विभाग के मुताबिक यह चीता तिघरा और लखनपुरा के बीच सक्रिय देखा गया है। लगातार बढ़ती गर्मी की वजह से पुराने ठिकाने से निकल कर पानी वाले इलाके की ओर बढ़ा है।सूत्रों के अनुसार चीता दिनभर जंगलों में छिपा रहता है जबकि रात के वक्त बाहर निकलकर मूवमेंट करता है। इसी वजह से वन विभाग की टीम रात में विशेष निगरानी कर रही है। तिघरा डैम के आसपास उसकी गतिविधियां लगातार दर्ज की जा रही है। वन विभाग के साथ-साथ कूनो नेशनल पार्क की टीम भी चीते पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया है कि क्षेत्र में पानी की उपलब्ध होने की वजह ही चीता यहां पहुंचा है।
15 दिन पहले नेशनल पार्क से निकला था
यह वही चीता केजीपी-1 है, जो करीब 15 दिन पहले कूनो नेशनल पार्क से निकलकर आरोन और सिमरिया होते हुए घाटीगांव के जंगलों में पहुंचा था। पिछले 8 दिनों से इसका मूवमेंट सोनचिरैया अभयारण्य और आसपास के ग्रामीण इलाकों में देखा जा रहा था। आसान शिकार की तलाश भी इसके यहां आने का एक कारण माना जा रहा है। हालांकि अब तक चीते ने किसी ग्रामीण या मवेशी पर हमला नहीं किया है, फिर भी एहतियात के तौर पर वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अपने मवेशियों की सुरक्षा खुद सुनिश्चित करने की सलाह दी है। लगातार ट्रैकिंग के लिए चीते में लगे कॉलर आईडी की मदद ली जा रही है।
