
झाबुआ. जिला मुख्यालय झाबुआ से 5 अक्टूबर को पेटलावद तहसील के प्रसिद्ध हनुमान पीठ तारखेड़ी हनुमान मंदिर तक युवाओं द्वारा पदयात्रा निकाली जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 से यह पदयात्रा प्रतिवर्ष निकाली जा रही है।
पदयात्रा में नगर के युवा धर्मध्वजा लेकर रात्रि में झाबुआ से रवाना होंगे और तारखेड़ी हनुमान धाम पहुंचकर भगवान विश्वमंगल हनुमान मंदिर पर धर्मध्वजा फहराएंगे। इसके बाद भगवान हनुमान की आराधना एवं पूजन किया जाएगा।
यात्रा के आयोजक अजय रामावत ने बताया कि उनके द्वारा यह यात्रा निरंतर प्रतिवर्ष निकाली जा रही है। इसमें नगर के बड़ी संख्या में युवा उत्साहपूर्वक शामिल होते आ रहे हैं। उन्होंने इस वर्ष भी झाबुआ के अधिक से अधिक युवा साथियों से हनुमान पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।
पदयात्रा के दौरान भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। रात्रि के घोर अंधकार को चीरते हुए जब हनुमानजी के जयकारे और रामधुन गूंजती है, तो चारों ओर भक्तिमय वातावरण बन जाता है। राम और हनुमान के जयकारे दूर-दूर तक सुनाई देते हैं।
आयोजकों के अनुसार यह पदयात्रा केवल धार्मिक आस्था का माध्यम ही नहीं, बल्कि युवाओं में आपसी भाईचारे, एकता और अपनत्व की भावना को भी मजबूत करती है। हर वर्ष बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता इस यात्रा को विशेष बनाती है।
