मुंबई में पूरे सप्ताह बारिश के आसार

मुंबई, 02 जून (वार्ता) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में इस सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विज्ञानियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भारतीय मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले आने के बाद शहर और उसके आसपास के इलाकों में बीच-बीच में बारिश होती रहेगी।

सोमवार को जोरदार शुरुआत के बाद हालांकि वर्षा कम हो गयी है, लेकिन यहां निवासियों के लिये यह अब भी प्रतिदिन की बात हो गयी है।

मानखुर्द, विक्रोली और मुलुंड सहित मुंबई के कई उपनगरों में रविवार को तेज वर्षा दर्ज की गयी, जबकि शहर के अन्य हिस्सों में कम वर्षा हुयी।

मुंबई में अगले दो दिनों तक बादल छाये रहने और छिटपुट बारिश के आसार हैं तथा कभी-कभी तेज़ हवायें भी चलने का अनुमान जताया गया है। दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अधिकारी नागरिकों को सलाह दे रहे हैं कि निचले इलाकों में जलभराव के खतरे की आशंका को देखते हुये वे तैयारी रखें, क्योंकि शहर में इस महीने सामान्य रूप से बारिश हो सकती है।

मुंबई और उसके आस-पास के ज़्यादातर जिलों के लिये गंभीर मौसम चेतावनी न होने के बावजूद, मौसम विभाग ने पांच जून को ठाणे के लिये ‘येलो अलर्ट’ जारी किया और निवासियों से सतर्क रहने का आग्रह किया है।

विभाग ने मुंबई, कोंकण, मराठवाड़ा और विदर्भ सहित पूरे महाराष्ट्र में बारिश औसत से ज़्यादा होने का अनुमान जताया है। आमतौर पर मानसून के दौरान लगभग 2,900 मिलीमीटर बारिश दर्ज़ करने वाले कोंकण क्षेत्र के भी इस बेंचमार्क को पार करने का अनुमान है।

Next Post

सीधी की बंद रेत खदानों से अवैध उत्खनन,राजस्व और पुलिस की टीम का छापा

Mon Jun 2 , 2025
सीधी: कुसमी तहसील के बंद पड़े हर्दी-गोतरा रेत खदानों से अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। हालांकि प्रशासन की टीम के आने की सूचना पूर्व में मिल जाने के कारण […]

You May Like