
( जितेन्द्र पुरोहित )
देवास। टोंकखुर्द थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सालमखेड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां स्वरूप सोलंकी (35) नामक युवक ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की लोहे के तवे से वार कर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में बेकाबू स्वरूप ने रसोई में रखा लोहे का तवा उठाया और पत्नी पर वार कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
IAS, IPS बनने का था सपना
स्वरूप सोलंकी देवास शहर में एक होनहार और मेहनती शिक्षक के रूप में जाना जाता था। उसने कई प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में पढ़ाया, और उसके पढ़ाए कई छात्र आज पुलिस, पटवारी, आर्मी और संविदा शिक्षक जैसी सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं।
स्वरूप ने PSC प्री, पटवारी सहित कई प्रतियोगी परीक्षाएं पास की थीं। उसका सपना था कि वह एक दिन IAS या IPS बने, लेकिन हर बार वह मुख्य परीक्षा में असफल हो जाता था।
प्रेम में असफल होने के फस्ट्रेशन में था
स्वरूप सोलंकी युवावस्था में एक लड़की से प्रेम करता था, जिससे शादी न हो पाने के कारण वह टूट गया था। इसी पीड़ा में उसने एक बार रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था। उस वक्त उसके दोस्तों ने समय रहते उसे बचा लिया था।
