प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 15 अगस्त तक अधिक से अधिक किसानों का बीमा कराने के निर्देश

अल्मोड़ा, 11 अगस्त (वार्ता) उत्तराखंड के अल्मोड़ा में मंगलवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई जिसमें आगामी 15 अगस्त तक अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि इस वर्ष जिले में मडुवा और धान की फसलों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिसूचित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड बनवा चुके पात्र किसानों का नियमानुसार शत-प्रतिशत फसल बीमा सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिए उन्होंने लीड बैंक अधिकारी को पात्र किसानों के फसल बीमा का प्रीमियम नियमानुसार वितरित करने निर्देश दिए।

उन्होंने कृषि विभाग के ब्लॉक प्रभारियों और न्याय पंचायत प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक किसानों का फसल बीमा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि जिन किसानों के फसल बीमा दावे अभी लंबित हैं, उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही पात्र किसानों को जल्द से जल्द बीमा दावे की धनराशि का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उद्यान विभाग की ओर से संचालित मौसम आधारित फसल बीमा योजना की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने जिला उद्यान अधिकारी को इस योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, डीडीएम नाबार्ड, लीड बैंक अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Next Post

सूद ने दिल्ली दंगों में आप की भूमिका पर उठाए सवाल

Tue Aug 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने वर्ष 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप ) नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाये हैं। श्री सूद ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान सुनियोजित […]

You May Like