
रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में छात्र समस्याओं और प्रशासनिक रवैये को लेकर एनएसयूआई का विरोध जारी है। शनिवार को संगठन ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित शिव मंदिर में कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुड़रिया को सद्बुद्धि देने के लिए महायज्ञ किया।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहा है और छात्र संगठनों के बीच भेदभाव किया जा रहा है।
छात्र नेताओं का कहना है कि एबीवीपी के कार्यक्रमों के लिए सभागार तुरंत खोल दिया जाता है, जबकि एनएसयूआई को छात्र स्वागत समारोह जैसे कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दी जाती।
एनएसयूआई ने कहा कि विश्वविद्यालय का राजनीतिकरण हो रहा है, जिससे आम छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
