इंदौर 25 अक्टूबर (वार्ता) अलाना किंग (सात विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को महिला विश्वकप के 26वें मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को 24 ओवर में 97 रन के स्कोर पर ढ़ेर कर दिया।
आज यहां टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए लॉरा वुलफार्ट और तेजमिन ब्रिट्स की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े। यह उनकी टीम की ओर आज के मैच में सबसे बड़ी साझेदारी रही। सातवें ओवर में मेगन शूट ने लॉरा वुलफार्ट को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। लॉरा वुलफार्ट 26 गेंदों में सात चौके लगाते हुए 31 रनों की पारी खेली। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी कहर के आगे दक्षिण अफ्रीका का कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक पिच पर नहीं टिक सका। आलम यह था कि दक्षिण अफ्रीका के आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। सिनालो जाफ्टा ने 17 गेंदों में 29 रन बनाये। 24वें ओवर की आखिरी गेंद पर अलाना किंग ने नडीन डी क्लर्क (14) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की पारी का 97 के स्कोर पर अंत कर दिया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए अलाना किंग ने सात ओवर में 18 रन देकर सात विकेट झटके। मेगन शूट, किम गार्थ और एश्ली गार्डनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

