बलौदा बाजार | छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। बकुलाही इलाके में स्थित ‘रियल इस्पात प्लांट’ के डीएससी कोयला भट्ठे में अचानक हुए भीषण विस्फोट में 7 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस समय यह धमाका हुआ, मजदूर भट्ठे के पास नियमित सफाई कार्य में लगे हुए थे। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मजदूर सीधे गर्म कोयले और मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई और आसमान में कई मीटर ऊंचा काले धुएं का गुबार देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के साथ ही झुलसे हुए मजदूरों को मलबे से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्लांट के भीतर की दीवारें धमाके से काली पड़ गई हैं और चारों तरफ राख व जला हुआ कोयला फैला हुआ है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और मजदूर अंदर फंसा न हो।
इस भीषण औद्योगिक दुर्घटना के बाद प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में अनदेखी से जोड़कर देखा जा रहा है। निपनिया चौकी पुलिस और विशेषज्ञों की टीम प्लांट के सेफ्टी ऑडिट की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी घटना पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है और परिजनों के आक्रोश को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

