सीहोर। ग्राम थूना में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया. शिविर में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने नागरिकों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा विकास के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना आवश्यक है.
उन्होंने कहा शासकीय सेवक जनता की सेवा के लिए हैं, इसलिए उन्हें अपने दायित्वों का संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए. इस अवसर पर पौधा रोपण भी किया गया. शिविर में जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, कलेक्टर बालागुरू के, एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ श्रीमती अर्चना पटेल उपस्थित थे.
कलेक्टर बालागुरू के ने भी शिविर में उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए. एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने भी नागरिकों से चर्चा कर पुलिस से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली. राजस्व मंत्री वर्मा ने स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से हितग्राहीमूलक योजनाओं, पात्रता तथा लाभान्वित हितग्राहियों के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र व्यक्ति स्वयं आगे आकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें.
