आग के दावानल में स्वाहा हुए युवा कारोबारी के अरमान

सीहोर। त्योहारी सीजन को देखते हुए दुकान में लाखों रुपए के माल का स्टॉक रखने वाले युवा व्यवसायी को क्या मालूम था कि बीती रात का अंधेरा उसके कारोबार को इस तरह तबाह कर देगा कि उसे उबरने के लिए लंबे समय लगेगा. बीती रात मंडी स्थित जूते चप्पल की दुकान में अज्ञात कारणों से लगी आग में लाखों रुपए का माल पूरी तरह खाक हो गया. जब तक आग पर काबू पाया जाता वहां राख के ढेर के अलावा कुछ नहीं बचा था. हालांकि विधायक सुदेश राय, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने अपने स्तर से यथासंभव सहयोग करने का आश्वासन देते हुए ढांढस बंधाया.

जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 11. 30 बजे मंडी माता मंदिर स्थित एनके इंटरप्राइजेज में अज्ञात कारणों से आग लग गई. बंद दुकान में से निकल रहे धुएं को देख वहां से गुजर रहे लोगों ने दुकान संचालक श्लोक शिवहरे को सूचित किया, लेकिन वह शहर से बाहर थे. नतीजतन लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया.

तब तक बंद दुकान में आग भड़क चुकी थी और लपटें बाहर से नजर आ रही थीं. काला घना धुआं भी तेजी से निकला रहा था. लोगों ने दुकान की शटर का ताला तोड़ा. तब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी. दमकलकर्मियों ने लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का जतन किया. लेकिन आग की लपटों की भयावहता बरकरार बनी थी. जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दमकल कर्मचारियों के साथ आग पर काबू पाने के प्रयास किए. मौके पर सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा भी पहुंची और स्थिति पर नजर रखी. इस दौरान गेल गैस कंपनी की दमकल भी पहुंच गई थी. काफी मशक्कतों के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान वहां काफी भीड़ जमा हो गई.

अपनी दुकान में आगजनी की जानकारी मिलने के बाद श्लोक शिवहरे भी रास्ते से वापस लौट आए थे. रूंधे गले से उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए उन्होंने लाखों रुपए का माल स्टॉक किया था, लेकिन सब कुछ आग की विकराल लपटों में स्वाहा हो गया. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आग कैसे लगी, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

हरसंभव मदद करने का दिया आश्वासन

आगजनी में अपना सब कुछ गंवा बैठे दुकान संचालक श्लोक शिवहरे को नपाध्यक्ष ने ढांढस बंधाया और शासन स्तर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. इसके अलावा शनिवार को विधायक सुदेश राय भी मौके पर पहुंचे और दुकान संचालक शिवहरे को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. निरीक्षण के दौरान पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सीताराम यादव, सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, मनीष तिवारी, जयंत शाह, वरुण गौर, नीरज साहू, दीपक अग्रवाल मौजूद थे. इसके अलावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने भी सोमवार को दुकान संचालक से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया.

Next Post

अमित शाह की गैरमौजूदगी में CM मोहन यादव ने किया ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास 

Sat Oct 3 , 2026
भोपाल। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), भोपाल के विस्तारित ‘अत्रि’ (ATRI) परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ऐन वक्त पर कार्यक्रम निरस्त होने के कारण, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। दिल्ली से अचानक […]

You May Like