
रीवा। शासकीय आयुर्वेद कॉलेजों में स्टाइपेंड विसंगति को लेकर छात्रों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
रीवा शासकीय आयुर्वेद कॉलेज के फाइनल ईयर और इंटर्नशिप के छात्रों ने एलोपैथी इंटर्न्स के समान 21,500 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड की मांग की है।
जूडा अध्यक्ष डॉ. मयंक त्रिपाठी ने बताया कि एलोपैथी इंटर्न्स को 21,500 रुपए स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि आयुर्वेद इंटर्न्स को महज 9,383 रुपए मिल रहे हैं। यह सीधा भेदभाव है।
छात्रों ने कहा कि 21,500 रुपए से एक रुपया कम भी मंजूर नहीं होगा और लिखित आदेश जारी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
भोपाल के पं. खुशीलाल आयुर्वेद संस्थान और उज्जैन के धन्वंतरि आयुर्वेद कॉलेज के छात्र भी इस मांग का समर्थन कर रहे हैं।
