
विजयपुर। गसवानी-विजयपुर मार्ग पर बटुआ ढाबा के आगे दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया गया कि सारंगपुर निवासी रामनिवास पुत्र रमेश बाइक से गसवानी से विजयपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बैठी भैंस से उनकी बाइक टकरा गई।
अचानक सामने आए पशु से बाइक की टक्कर होने के बाद रामनिवास गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद गसवानी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। हादसे में रामनिवास की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
*बड़ा सवाल: सड़क पर बैठे पशु, आखिर जिम्मेदार कौन?*
गसवानी-विजयपुर मार्ग पर सड़क पर आवारा पशुओं के बैठे रहने से वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बना रहता है। खासकर रात के समय सड़क पर बैठे पशु वाहन चालकों को आसानी से दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक सामने आने वाला पशु गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। पुलिस जांच के बाद हादसे की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
