
उज्जैन। उज्जैन के भैरवगढ़ रोड पर स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी धाम मंदिर परिसर में करोड़ों रुपए की लागत से बने अन्नक्षेत्र का भर्तृहरि गुफा के पीठाधीश्वर गादीपति योगी पीर महंत रामनाथ महाराज के सानिध्य में संत-महंत एवं ब्राह्मणों ने पूजन-अर्चन कर समारोह पूर्वक शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि यह अन्नक्षेत्र महाकाल मंदिर के बाद उज्जैन का दूसरा सबसे बड़ा अन्नक्षेत्र है। जिसमें आधुनिक मशीनों से भोजन प्रसादी तैयार होगी और प्रतिदिन श्रद्धालु यहां नि:शुल्क भोजन ग्रहण कर सकेंगे। इस अन्नक्षेत्र का निर्माण भोसरी पुणे महाराष्ट्र के उद्योगपति बालासाहेब हीरामण लांडगे ने योगी पीर महंत रामनाथ की प्रेरणा से कराया है। इस विशाल अन्नक्षेत्र में भक्तों को प्रतिदिन निर्धारित समय पर नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी। सिंहस्थ 2028 में भक्तों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
पंजाब से आई मशीनें, महाकाल मंदिर के बाद दूसरा बड़ा अन्नक्षेत्र
मां बगलामुखी धाम मंदिर में नवनिर्मित अन्नक्षेत्र में भोजन निर्माण के लिए पंजाब से हाईटेक मशीनें उज्जैन लाई गई है। यह अन्नक्षेत्र उज्जैन के महाकाल मंदिर समिति के नि:शुल्क अन्नक्षेत्र के बाद दूसरा सबसे बड़ा अन्नक्षेत्र होगा। जहां इतने विशाल स्तर पर निर्मित किया गया है। प्रतिदिन यहां हजारों लोग भोजन प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे। ट्राली से भोजन परोसा जाएगा। पीने के पानी के लिए आरओ सिस्टम भी लगाया जा रहा है।
