इंदौर: पतंगबाजी के नाम पर मानव जीवन और पशु पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहे प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की तस्करी करते दो सगे भाइयों को पुलिस ने कार सहित धर दबोचा. कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में चाइनीज डोर बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है.
पुलिस उपायुक्त जोन 4 आनंद कलादगी ने बताया कि गुरुवार को दोपहर में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार नम्बर एमपी 09 सीएम 0724 में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा भरकर कुछ लोग चंदन नगर से धार की ओर जाने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बिना रुके नावदापंथ की ओर तेज रफ्तार में निकल गया.
काफी दूर तक बाइक से पीछा कर कार को रोका
पुलिस टीम ने बाइक से पीछा कर प्रतापनगर के सामने धार रोड, नावदापंथ पर कार को रोक लिया. तलाशी लेने पर कार की डिक्की से सफेद प्लास्टिक के कार्टून में रखी 46 गिरीं बरामद हुईं. गिरीं खोलकर धागे की जांच की गई, जो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा पाया, इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही पूरा माल जब्त कर लिया.
पुलिस ने बताया कि जब्त चाइनीज डोर की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 46 हजार है. मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. साथ ही प्रतिबंधित मांझा कहां से लाया गया और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में करण मेहता 25 वर्ष और अभिषेक मेहता 24 वर्ष, दोनों निवासी दिलावरा रोड, कुमार गड्ढा, जिला धार शामिल हैं. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
