रेलवे कॉलोनी में पैसों के लेनदेन को लेकर फायरिंग

सतना: रेलवे कॉलोनी में शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे पैसों के लेनदेन को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई। फायरिंग में गायत्री नगर, कटनी निवासी 40 वर्षीय रूपचंद यादव पिता कमल किशोर घायल हो गए। गोली उनके हाथ में लगी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में परिजन उन्हें जबलपुर के निजी अस्पताल ले गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रूपचंद यादव दो दिन पहले ही अपने भाई मदनगोपाल यादव के पास सतना आए थे। मदनगोपाल रेलवे के सीएंडडब्ल्यू विभाग में हेल्पर के पद पर कार्यरत हैं। इसी विभाग में सुनील चौधरी सीनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत बताए गए हैं। घायल रूपचंद ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम वह अपनी भाभी के साथ बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सुनील चौधरी ने उन्हें घर के बाहर रोक लिया और पिस्टल से फायर कर दिया। बचने के लिए रूपचंद ने हाथ आगे किया, जिससे गोली उनके हाथ में जा लगी। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अस्पताल में घायल के बयान दर्ज किए हैं। जीआरपी आरोपी सुनील चौधरी की तलाश कर रही है। जीआरपी प्रभारी राजेश राज के अनुसार संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पैसों के लेनदेन, पुराने जमीन विवाद और फायरिंग के आरोपों को आपस में जोडक़र मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

20 लाख का जमीन विवाद

प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि मदनगोपाल यादव और सुनील चौधरी के बीच करीब तीन वर्ष से 20 लाख रुपये के जमीन संबंधी विवाद को लेकर विवाद चल रहा है। हालांकि फायरिंग की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में किसकी भूमिका है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

ड्यूटी पर था आरोपी?

जीआरपी चौकी प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में जिस व्यक्ति पर फायरिंग का आरोप लगाया जा रहा है, घटना के समय उसके ड्यूटी पर होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Next Post

एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली कबड्डी स्टार रीतू श्योराण का चरखी दादरी में भव्य स्वागत

Sat Oct 3 , 2026
चरखी दादरी (हरियाणा), एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने वाली देश की स्टार खिलाड़ी और चरखी दादरी के बिलावल गांव की बहू रीतू श्योराण का अपने गृह क्षेत्र लौटने पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस शानदार स्वागत समारोह में हरियाणा के कैबिनेट […]

You May Like