वाशिंगटन, 03 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिका के तटरक्षक बल (यूएससीजी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने क्यूबा के लिए ईंधन ले जा रहे एक जहाज को जब्त कर लिया है।
यूएससीजी ने एक प्रेस रिलीज़ में कहा, “कोस्ट गार्ड ने मोटर वेसल ग्रेस को रोकने का काम सफलतापूर्वक पूरा किया। यह कार्रवाई एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय प्रवर्तन प्रयास के बाद की गई, जिसमें पुष्टि हुई थी कि यह जहाज क्यूबा में ईंधन की अवैध तस्करी कर रहा था।”
सितंबर की शुरुआत में कैरिबियन सागर में इस जहाज़ को ज़ब्त किया गया था। रोके जाने के बाद, इसे मैक्सिको के समुद्री इलाके में ले जाया गया, जहाँ मैक्सिकन नौसेना ने इसकी जांच की और पुष्टि की कि बैलास्ट टैंकों और कई कंटेनरों में काफ़ी मात्रा में ईंधन मौजूद था।
यूएससीजी ने आगे कहा, “अमेरिकी सरकार की नीति के समर्थन में और अलग-अलग एजेंसियों व अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर, अमेरिकी तटरक्षक बल ‘डार्क फ्लीट’, बिना देश के झंडे वाले जहाजों और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन न करने वाले जहाजों की गैर-कानूनी समुद्री गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।”
