स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में सतना की ऐतिहासिक उपलब्धि,12 वां स्थान

सतना: स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 के तहत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में सतना नगर निगम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वाले मध्यम शहरों में गारबेज फ्री सिटी रैंकिंग में 12वां स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि सतना के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि पिछले वर्ष 2023 में नगर निगम 91वें स्थान पर था। इस बार 79 पायदानों की छलांग लगाकर सतना ने न केवल ओडीएफ++ प्रमाणपत्र प्राप्त किया, बल्कि पहली बार गारबेज फ्री सिटी में 5 स्टार रेटिंग भी हासिल की। इसके साथ ही, शहर को 15वें वित्त आयोग के तहत विशेष अनुदान भी मिलेगा।
सतना ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में कुल 12,500 में से 10,671 अंक प्राप्त किए। इसमें डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, अपशिष्ट प्रबंधन, शौचालयों की स्थिति और जल निकायों की स्वच्छता जैसे मानदंड शामिल थे। शहर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में 8,716, गारबेज फ्री सिटी में 1,100 और ओडीएफ में 1,000 अंक हासिल किए। 5 स्टार रेटिंग और ओडीएफ++ प्रमाणपत्र सतना के वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, रीसाइक्लिंग और डंपसाइट सुधार में नवाचार को दर्शाता है।
कलेक्टर ने दी बधाई 
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने इस उपलब्धि पर नगर निगम की टीम और शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह सतना के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जो स्वच्छता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और नागरिकों के सहयोग का परिणाम है।” विशेष अनुदान से सतना में कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण और स्वच्छता जागरूकता को और बढ़ावा मिलेगा।
संभाग में अब भी फिसड्डी 
हालांकि, संभागीय स्तर पर सतना, रीवा (5वां स्थान) और सिंगरौली (चौथा स्थान) से पीछे रहा। फिर भी, इस उपलब्धि ने सतना को स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया मुकाम दिलाया है। यह सफलता नगर निगम, स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है।

Next Post

पैदल जा रहे व्यक्ति की कार ने मारी टक्कर, मौत

Fri Jul 18 , 2025
सतना:गांव से कुछ दूरी पर सतना नागौद मुख्य मार्ग के किनारे पैदल चल रहे व्यक्ति को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे घायल हुए व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों द्वारा आरोपी कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक को […]

You May Like