
जबलपुर। गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने स्वच्छता की शपथ लेकर सामूहिक श्रमदान किया। इस दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया और पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। रेल प्रशासन ने अभियान को निर्धारित अवधि के बाद भी जारी रखने की योजना बनाई है।
अगले एक वर्ष तक सफाई कर्मियों को चार श्रेणियों में बांटकर हर माह उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ‘क्लीनिंग टारगेट यूनिट’ के तहत चिन्हित गंदे स्थानों की सफाई के साथ उनका सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों और आमजन से कचरा निर्धारित कूड़ेदान में डालने तथा रेल परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेल एवं जबलपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
