
सिंगरौली । बैढ़न स्थित नवनिर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन परिसर में जिला अधिवक्ता संघ, सिंगरौली के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति आरके चौबे, जबलपुर की उपस्थिति रही। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के निर्वहन के लिए विधिवत शपथ दिलाई गई। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के साथ अन्य न्यायाधीशगण व सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम तथा महापौर रानी अग्रवाल, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था को प्रभावी, सुदृढ़ और जनोन्मुखी बनाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
अधिवक्ता समाज न केवल न्यायिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, बल्कि आमजन को न्याय दिलाने में भी उसकी अहम जिम्मेदारी है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष विपीन शाह, उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, सचिव अनिल सिंह, सह सचिव अब्दुल मोबिन सिद्धीक्की, कोषाध्यक्ष वीणा रानी, ग्रंथपाल जगनारायण बैस समेत अन्य सदस्यों को शपथ दिलाए गये। वहीं पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई गई कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ संघ के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। अधिवक्ताओं के हित, सम्मान, गरिमा और कल्याण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने के साथ न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सकारात्मक योगदान देंगे। समारोह में मौजूद अधिवक्ताओं ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल में अधिवक्ता संघ के हित में प्रभावी पहल की उम्मीद जताई।
