सांसद ने सीधी – बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना का किया निरीक्षण 

सीधी । सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने गुरुवार को सीधी-बाणसागर ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के विभिन्न घटकों का स्थलीय निरीक्षण कर योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजना के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन इंटेक वेल, जल शोधन संयंत्र, पी.एम.बी.आर. एवं पंपिंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। सीधी-बाणसागर ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना की स्वीकृत लागत 1,641.52 करोड़ है। योजना का जल स्रोत बाणसागर बांध है। योजना के माध्यम से सीधी, सिहावल एवं रामपुर नैकिन विकासखण्डों के 677 ग्रामों को पेयजल उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत 208 उच्चस्तरीय जल टंकियों का निर्माण तथा लगभग 97 हजार घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। योजना में 125 एमएलडी क्षमता का इंटेक वेल, 100 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र तथा 3,100 किलोलीटर क्षमता का पी.एम.बी.आर. प्रस्तावित है।

निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने योजना के विभिन्न घटकों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण परिवारों को शीघ्र सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया पौधारोपण-

निरीक्षण के अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा पौधारोपण भी किया गया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण पर जोर दिया। जल और पर्यावरण संरक्षण को ग्रामीण विकास से जोड़ते हुए कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित पेयजल के साथ स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का संदेश दिया गया। इस दौरान जल निगम के जीएम नीरव अग्रवाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित

रहे।

Next Post

सरकार प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध: डॉ.राजेश

Fri Oct 2 , 2026
सीधी। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत टकटैया जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में जल अर्पण महोत्सव, अस्पृश्यता निवारण एवं सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल ग्राम नल-जल प्रदाय योजना का हस्तांतरण एवं शुभारंभ सांसद डॉ.राजेश मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। […]

You May Like