
उज्जैन। कानीपुरा क्षेत्र से लापता हुई किशोरी 24 घंटे बाद मिली तो उसके साथ 4 युवकों द्वारा गैंगरेप करने का मामला सामने आया। पुलिस ने जीवाजीगंज क्षेत्र से एक नाबालिग और युवक को हिरासत में लेकर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से बाल संप्रेक्षणगृह भेजा गया है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी बालिका 26 सितंबर को लापता हो गई थी। परिजनों ने सभी जगह तलाश करने के बाद दूसरे दिन पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। मामला नाबालिग से जुड़ा होने पर अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया और तलाश शुरू की गई। 27 सितंबर को किशोरी बदहवास हालत में घर लौटी, परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस किशोरी को थाने लेकर आई, जहां बयान में चौंकाने वाली घटना सामने आई। किशोरी ने बताया कि उसके साथ चार युवकों ने गैंगरेप किया है। उसका कहना था कि उसकी हमउम्र युवक से पहचान थी, उसने बुलाया था, वह कानीपुरा से बाहर आई थी, उसका साथी जीवाजीगंज क्षेत्र में अपने दोस्त के घर लेकर पहुंचा। जहां उसके 3 दोस्त ओर आ गये। चारों ने उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया।
थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि मामले की जांच एसआई प्रीति चौहान को सौंपी गई। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, उसके साथ गलत होना सामने आने पर अपहरण की धारा के साथ पास्को एक्ट और शोषण की धारा बढ़ाई गई। गुरुवार को जीवाजीगंज क्षेत्र में रहने वाले बालिका के हमउम्र दोस्त के साथ लक्की नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट में पेश करने पर लक्की पिता जुगलकिशोर को जेल भेजा गया।
