नारकोटिक्स ब्यूरो ने मध्य प्रदेश में सवा चार किलो अफीम पकड़ी, 10.84 टन पहले के जब्त मादक को किया नष्ट

नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने प्रदेश के नीमच में 4.24 किलो अफीम जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने साथ ही प्रदेश में पहले जब्त किये गये विभिन्न प्रकार के मादक द्रव्यों के कुल 10.84 टन के भंडार को नष्ट किया है । इकाई ने 154.375 किलोग्राम पहले जब्त अफीम विधिवत नीचम स्थित सरकारी अफीम कारखाने (जीओएडब्ल्यू) में जमा करायी है। एक अन्य कार्रवाई में एजेंसी की राजस्थान इकाई ने थाइलैंड से डाक से आये एक पार्सल में एक किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया। यह जानकारी वित्त मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों में दी गयी है।

विज्ञप्ति के अनुसार सीबीएन की मध्य प्रदेश इकाई ने जब्त मादक पदार्थों के निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार प्रभावी निपटान के लिए जारी प्रयासों के तहत 10,842.150 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल कमेटी की कड़ी निगरानी में तथा मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि की उपस्थिति में की गई। निपटान प्रक्रिया के तहत 154.375 किलोग्राम जब्त अफीम को नीमच स्थित सरकारी अफीम एवं क्षाराभ कारखाना (जीओएडब्ल्यू) में जमा कराया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में पोस्ता भूसा (10,823.990 किग्रा), मेफेड्रोन (3.175 किग्रा), चरस ( 7.400 किग्रा), हेरोइन (7.535 किग्रा) तथा ब्राउन शुगर (50 ग्राम) शामिल है।

सीबीएन की मध्य प्रदेश इकाई ने विशेष खुफिया सूचना के आधार पर 30 सितंबर को कंजार्डा-मनासा मार्ग पर एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल को रोका और 4.240 किलोग्राम अफीम बरामद किया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया तथा अवैध पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में सीबीएन मंदसौर की (निवारक एवं आसूचना) सेल के अधिकारियों की एक टीम को तैनात किया गया। टीम ने कंजार्डा-मनासा मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी। संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान होने पर अधिकारियों ने उसे रोका और उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पैकेटों में कुल 4.240 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
मोटरसाइकिल को एनडीपीए अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। बरामद माल के स्रोत और उसे पहुंचाये जाने के ठिकाने का पता लगाने तथा अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

सीबीएन की राजस्थान इकाई ने जयपुर में थाईलैंड से आए अंतरराष्ट्रीय पार्सल में छिपाई गई 1.080 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) जब्त की। यह यह पार्सल जयपुर स्थित विदेशी डाकघर में प्राप्त हुआ था। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन, जयपुर के अधिकारियों ने पार्सल की विस्तृत जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कार्टन के अंदर कई पैकेट केक और अन्य सामान रखे गए थे। आगे की जांच में पाया गया कि हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) को 29 केक की पुड़ियाें में बेहद चालाकी से छिपाया गया था। इन पाउच को अन्य केक के पैकेटों और सामान के साथ मिलाकर रखा गया था, ताकि अवैध पदार्थ को छिपाया जा सके।इस मामले में भी आगे की जांच की जा रही है।

.....

Next Post

सागर शराबकांड में बड़ा खुलासा: जहरीली शराब की जानकारी के बाद भी बिक्री जारी, हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी

Fri Oct 2 , 2026
सागर। बंडा में जहरीली शराब से हुई 32 मौतों के मामले में पुलिस जांच में अहम खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार, मुख्य आरोपियों को शराब के अमानक और जानलेवा होने की जानकारी पहले ही मिल गई थी। इसके बावजूद शराब की आपूर्ति और बिक्री नहीं रोकी गई और प्रशासन […]

You May Like