
टोक्यो, 02 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्री चुंग डोंग-यंग ने पिछले हफ़्ते विसैन्यीकृत क्षेत्र में हुए बारूदी सुरंग विस्फोट पर उत्तर कोरिया को बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। इस विस्फोट में दक्षिण कोरिया के तीन सैनिक घायल हो गए थे। यह जानकारी योनहाप समाचार एजेंसी ने शुक्रवार को दी। योनहाप ने श्री चुंग के हवाले से कहा, “इस घटना का मूल कारण अंततः युद्धविराम रेखा का मुद्दा है। मैं एकीकरण मंत्री के रूप में उत्तर कोरिया को प्रस्ताव देता हूं कि हमें अभी मिलना चाहिए और संवाद करना चाहिए। हमें कम से कम संवाद शुरू करना चाहिए, एमडीएल की पुष्टि करनी चाहिए और उसका फिर से सर्वेक्षण करना चाहिए।”
उल्लेखनीय है कि 21 सितंबर को, विसैन्यीकृत क्षेत्र में हुए दो बारूदी सुरंग विस्फोट में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दक्षिण कोरिया के दो सैनिक भी शामिल थे। बाद में उसी क्षेत्र में एक और बिना फटी हुई बारूदी सुरंग का पता चला। दक्षिण कोरियाई सेना ने कहा कि विस्फोटक बारूदी सुरंगें उत्तर कोरिया द्वारा बिछाई गई थीं और यह घटना युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है जिसके लिए उत्तर कोरिया को माफी मांगनी तथा उचित कदम उठाने चाहिए।उधर उत्तर कोरिया ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार करते हुए ऐसे आरोपों को उकसावे की कार्रवाई करार दिया है।
