सतना : मुंबई रेल मंडल के कल्याण-इगतपुरी रेलखंड के कसारा स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इसका असर सतना जंक्शन से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनों पर पड़ेगा। मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे ने अक्टूबर में अलग-अलग तारीखों पर मुंबई से रवाना होने वाली ट्रेनों को री-शेड्यूल करने का निर्णय लिया है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन का अपडेट समय जांचने की सलाह दी गई है।
कई ट्रेनें 1 से 5 घंटे तक होंगी लेट
ब्लॉक के कारण 12167 एलटीटी–बनारस एक्सप्रेस 8 अक्टूबर को 5 घंटे 15 मिनट, 12141 एलटीटी–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 9 अक्टूबर को 4 घंटे 30 मिनट और 22177 महानगरी एक्सप्रेस 9 अक्टूबर को 4 घंटे देरी से चलेगी। इसी तरह 11081 एलटीटी–गोरखपुर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को 1 घंटा 15 मिनट तथा 11071 कामायनी एक्सप्रेस 14 और 15 अक्टूबर को 3 घंटे 15 मिनट विलंब से रवाना होगी।
13202 जनता एक्सप्रेस 14 और 15 अक्टूबर को 2 घंटे 35 मिनट, 12322 हावड़ा मेल 17 अक्टूबर को 3 घंटे 45 मिनट और 12167 एलटीटी–बनारस सुपरफास्ट 17 अक्टूबर को 3 घंटे 15 मिनट देरी से चलेगी। वहीं 22177 महानगरी एक्सप्रेस 18 अक्टूबर को 2 घंटे 35 मिनट, 11062 पवन एक्सप्रेस 16 अक्टूबर को 4 घंटे तथा 11072 कामायनी एक्सप्रेस 16 अक्टूबर को 4 घंटे 30 मिनट देरी से चलने की जानकारी दी गई है।
20 से 23 अक्टूबर तक भी असर
रेलवे के अनुसार अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में भी परिचालन प्रभावित रहेगा। 12141 एलटीटी–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 20, 21 और 22 अक्टूबर को 3 घंटे 25 मिनट तथा 22177 महानगरी एक्सप्रेस 21, 22 और 23 अक्टूबर को 3 घंटे 5 मिनट देरी से रवाना होगी। निर्माण कार्य के चलते कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव यानी डायवर्जन भी किया जा सकता है।
यात्रियों को समय जांचने की सलाह
रेलवे के इस ब्लॉक का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ने से सतना सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों पर पहुंचने वाले यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित हो सकती है। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले संबंधित ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से जांचने की सलाह दी गई है।
