
भोपाल। वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल में गुरुवार को ‘जुड़े आवास, वन्यजीवन का विकास’ थीम के साथ राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह 2026 का शुभारंभ हुआ। वरिष्ठ वन अधिकारियों ने चित्रकारी कर वन्यजीव सप्ताह का सांकेतिक शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजोरा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम मनोज कुमार अग्रवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (उत्पादन) बिंदु शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) बसवराव अन्निगिरी तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं विस्तार) अर्चना शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वन्यजीव सप्ताह के पहले दिन आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में करीब 1,200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं ‘एक फोटो, एक कहानी’ प्रतियोगिता में वन्यजीव एवं प्रकृति से संबंधित 52 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर वर्षभर वन्यजीव संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘वन्यजीव पासपोर्ट—मेरा 1 प्रतिशत वन्यजीवों के लिए’ पहल शुरू की गई। इसके तहत आगंतुक 10 वन्यजीव एवं संरक्षण आधारित चुनौतियों में भाग लेकर स्टांप प्राप्त कर सकते हैं।
पहले दिन 118 आगंतुकों ने पंजीकरण कराया। अनन्या बोरासी और चिराग नागपाल पहले ‘वन्यजीव संरक्षण राजदूत’ बने, जबकि हर्षित पटेल, खुशी अग्रवाल, मोहित मेवाड़े और हितेश प्रजापति को ‘वन्यजीव चैंपियन’ के रूप में मान्यता दी गई।
वन्यजीव सप्ताह की गतिविधियों में मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों के 100 से अधिक स्वयंसेवक सहयोग कर रहे हैं।
