



भोपाल। एम्स भोपाल में शुक्रवार सुबह रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) की ओर से मैराथन का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य, फिटनेस और जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में करीब 500 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन में 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ अन्य प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया। सुबह आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया। आरडीए की ओर से मैराथन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम में नवभारत और सेंट्रल क्रॉनिकल मीडिया पार्टनर रहे। आयोजन का उद्देश्य चिकित्सकों और आम लोगों के बीच फिटनेस एवं स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाना भी रहा।
