इंदौर:ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से एक लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जांच में इन उपकरणों में ऑनलाइन सट्टे की आईडी और लेन-देन का हिसाब मिला है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब सट्टेबाजी के नेटवर्क और पैसों के लेन देन से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है.
मामला 6 मई की रात का है. क्राइम ब्रांच की टीम ने ऊषा नगर मेन स्थित सांई नयन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 पर रात करीब 12.40 बजे दबिश दी थी. यहां सात आरोपी लैपटॉप और मोबाइल के जरिए अलग-अलग वेबसाइट पर ग्राहकों से पैसे लेकर ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टा संचालित करते मिले थे. पूछताछ में सामने आया था कि ग्राहकों को ऑनलाइन सट्टे की आईडी उपलब्ध कराई जाती थी.
इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाकर डिजिटल पॉइंट्स के माध्यम से सट्टा खिलाया जाता था. इस मामले में पूर्व में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि अभिषेक अग्रवाल फरार था. पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी.एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और लगातार की गई कार्रवाई के बाद क्राइम ब्रांच टीम ने अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया. वह स्व. रामकिशोर अग्रवाल का बेटा है और ग्वालियर का रहने वाला है. अभिषेक के पास से मिले लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन की जांच की गई तो उनमें ऑनलाइन सट्टे की आईडी के साथ लेन-देन का हिसाब भी मिला. पुलिस अब इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच और पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
