
आलीराजपुर. संभाग आयुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में कलेक्टर सभा कक्ष में समस्त विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों, निर्माण कार्यों एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इस बैठक में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, समस्त अनुविभागीय अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित समस्त राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।
*पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा*
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों,अभिलेखों एवं पोर्टल पर दर्ज प्रगति की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण हेतु चेकलिस्ट तैयार करने तथा निरीक्षण उपरांत सुधारात्मक कार्यवाही की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं नवीन पंचायत भवनों की समीक्षा कर निर्माणाधीन भवन शीघ्र पूर्ण करने तथा स्वीकृत आवासों में उपयोग नहीं हुई राशि शासन को वापस कराने के निर्देश दिए। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सक्रिय स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने तथा आईसीटी के माध्यम से प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान समाजिक न्याय विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पेंशन पोर्टल पर किसी भी स्तर पर आवेदन लंबित नहीं रहे इसका विशेष ध्यान दिया जाए । वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने तथा मृत्यु होने की स्थिति में पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर संबंधित जानकारी अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों की जानकारी संकलित कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को कहा।
*लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा*
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने पेयजल व्यवस्था एवं उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिले के सभी हैंडपंपों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अल्पवर्षा की स्थिति को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से पूर्ण करने तथा आवश्यकता के अनुसार पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पेयजल संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी समय-सीमा में प्रस्तुत कर ग्रीष्मकाल की तैयारी पूर्ण करने के निर्देश संबंधि अधिकारी को दिए ।
*जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं जिला परियाेजना समन्वयक विभाग की समीक्षा*
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रावासों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक छात्रावास में अधीक्षक एवं संबंधित स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एक ही छात्रावास में 8 से 10 वर्षों से पदस्थ अधीक्षकों की सूची तैयार कर नियमानुसार स्थानांतरण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता राशि का पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवंटन अथवा अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित छात्राओं को लंबित राशि का शीघ्र भुगतान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी छात्रावासों में अधीक्षकों की रात्रिकालीन उपस्थिति छात्रावास परिसर में ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिक्षा व्यवस्था केवल परीक्षा उत्तीर्ण कराने तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक, सामाजिक, भावनात्मक, शारीरिक एवं संज्ञानात्मक (बौद्धिक) विकास के लिए आवश्यक गतिविधियों एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ किया जाए ।
उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदारों को छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं, भोजन, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों की समीक्षा कर जिन विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, वहां संबंधित शिक्षकों की सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा सभी पात्र बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने सभी छात्रावासों में पुस्तकालय एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने, गतिविधियों के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करने तथा आयोजित गतिविधियों की नियमित प्रविष्टि करने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालयों में प्रवेश दिलाने, पात्र विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित करने तथा साइकिल वितरण से वंचित विद्यार्थियों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। ड्राप आउट हो चुके छात्राओ को पुन: स्कूल में प्रवेश की कार्ययोजना बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए ।
*महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा*
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने कुपोषण की समस्या पर विशेष ध्यान देने तथा इसके उन्मूलन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुपरवाइजरों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने, बच्चों की उपस्थिति एवं पोषण आहार की व्यवस्था की जांच करने को कहा। साथ ही कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में मातृत्व योजना 2.0 के अंतर्गत प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
*स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा*
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने आयुष्मान आरोग्य केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी अस्पतालों में पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी 22 डिलीवरी पॉइंट का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा एनआरसी का प्रभावी संचालन करने को कहा। एनआरसी में भर्ती बच्चों की पर्याप्त देखभाल, पोषण एवं उपचार सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी कुपोषित बच्चे को उपचार से वंचित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक मेडिकल उपकरण, दवाइयों एवं अन्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता तथा मशीनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
*कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा*
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के अधिकांश निवासियों की आजीविका का मुख्य आधार कृषि है। किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने, रासायनिक खाद के संतुलित उपयोग एवं फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को बैंकों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण कराने को कहा।
*सहकारिता, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा*
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने सहकारिता विभाग के अंतर्गत वित्तीय अनियमितताओं एवं लंबे समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य पालन, पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन करने तथा संचालित दुग्ध समितियों को सक्रिय एवं सशक्त बनाने पर जोर दिया। मत्सय विभाग को मछली पालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए ।
