जबलपुर: शहर में साइबर अपराधियों ने ठगी का जाल बिछाकर घमापुर, पनागर और माढ़ोताल में कहीं कोरियर डिलीवर करने के बहाने,बैंक फ्रॉड के नाम पर तो कहीं बिना किसी ओटीपी के बैंक खातों में सेंध लगाकर कुल 2 लाख 41 हजार 424 रुपये पार कर दिए। पुलिस ने सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
घमापुर पुलिस ने बताया कि बरऊ मोहल्ला निवासी रंजीता केवट (34) को अज्ञात ठग ने कोरियर आने का झांसा दिया। व्हाट्सएप पर आधार कार्ड मंगवाने के बाद, ठग ने क्यूआर स्कैनर भेजा और डरा-धमकाकर पेटीएम के माध्यम से कुल 64,000 ट्रांसफर करवा लिए।
इसी प्रकार पनागर थाना अंतर्गत ग्राम कसही निवासी संदीप गड़ारी को ठग ने फोन कर व्हाट्सएप मैसेज डिलीट करने की बात कही। संदीप ने इसे सामान्य समझा, जिसके बाद शातिर अपराधियों ने उनकी पत्नी के बैंक खाते में सेंध लगाकर टुकड़ों में कुल 77,524 पार कर दिए। वहीं माढ़ोताल थाना अंतर्गत खजरी बायपास निवासी रोहित मेहरा (23) के मोबाइल पर अचानक पैसे कटने के मैसेज आने लगे। जब उन्होंने अपना अकाउंट चेक किया, तो उनके खाते से कुल 99,900 गायब हो चुके थे।
