गारंटी अवधि में ही जर्जर हुई इटमा-कोनी सड़क, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग उठाई

सिंगरौली: जिले के देवसर विकासखंड अंतर्गत इटमा से कोनी तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क इन दिनों खराब स्थिति के कारण चर्चा में है। करीब ढाई किलोमीटर लंबी यह सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है और बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।

यह मार्ग वर्तमान में नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत आता है, लेकिन अब तक सड़क की व्यापक मरम्मत नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार सड़क के संधारण की जिम्मेदारी चंदा कंस्ट्रक्शन को दी गई थी तथा इसकी 5 वर्षीय गारंटी अवधि 27 जून 2023 से 26 जून 2028 तक निर्धारित है। इस अवधि में गड्ढों की भराई, सड़क मरम्मत, शोल्डर संधारण, झाड़ियों की कटाई और पुलियों की देखरेख जैसे कार्य किए जाना आवश्यक हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत पिछले कुछ समय से लगातार बिगड़ती जा रही है। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई स्थानों पर मरम्मत के लिए डाली गई भस्सी और स्टोन डस्ट से धूल उड़ने लगी है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

Next Post

समान नागरिक संहिता से आदिवासी समुदाय को कोई नुकसान नहीं : शाह

Mon May 25 , 2026
नयी दिल्ली 24 मई (वार्ता) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आदिवासी समुदाय के लोगों से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) नहीं डरने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें इससे कोई नुकसान नहीं होगा। श्री शाह ने यहां के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘तू- मैं एक रक्त, वनवासी-ग्रामवासी-नगरवासी, हम सब भारतवासी’ […]

You May Like