जबलपुर: खितौला थाना अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज पर पैदल घूम रही एक महिला के गले पर तीन अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर लॉकेट सहित सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और सिहोरा की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खितौला निवासी दुर्गा दीक्षित (56) पड़ोस में रहने वाली मोना सिंह ठाकुर के साथ रेलवे ओवरब्रिज पर पैदल टहल रही थीं।
इसी दौरान पान उमरिया की तरफ से एक काले रंग की बाइक पर तीन युवक आए, मोटरसाइकिल पर सबसे पीछे बैठा युवक अचानक गाड़ी से उतरा और उनके करीब आया। उसने दुर्गा दीक्षित के गले में पहने हुए 12 गुरिया वाले सोने के मंगलसूत्र लॉकेट सहित पर हाथ मारा और उसे बलपूर्वक खींच लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत अपने साथियों के साथ बाइक पर बैठकर सिहोरा की तरफ भाग निकला।
