
सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के दावों के बीच गोभा चौकी क्षेत्र के करौटी गांव में कथित तौर पर खुलेआम शराब की पैकारी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जगह-जगह शराब पहुंचाकर बिक्री की जा रही है, जिससे युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि स्थानीय स्तर पर शराब कारोबारियों को आबकारी विभाग और पुलिस चौकी गोभा का कथित संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते कार्रवाई प्रभावी नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि यदि नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई हो तो गांवों में इस तरह शराब की बिक्री पर रोक लग सकती है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आबकारी विभाग द्वारा राजस्व वसूली के आंकड़े प्रस्तुत किए जाने के बावजूद अवैध बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए हैं।
