
नीमच। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को नीमच में प्रदर्शन किया। गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से निकली रैली नया बाजार, घंटाघर और फव्वारा चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट परिसर की ओर बढऩे से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। इसी दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बैरिकेड्स पर चढऩे की कोशिश करने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा तीखी नोकझोंक हुई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, सीएसपी किरण चौहान सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी तथा बैरिकेड्स के माध्यम से प्रदर्शनकारियों की आवाजाही नियंत्रित की गई।
पूर्व कलेक्टर दिनेश जैन को लेकर भी लगाए आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की ओर से लगाए गए पोस्टरों और भाषणों में तत्कालीन कलेक्टर दिनेश जैन का नाम भी सामने आया। कांग्रेस नेताओं ने उनके कार्यकाल में हुए विधानसभा चुनावों का संदर्भ देते हुए चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस की ओर से दिनेश जैन पर लगाए गए आरोपों को प्रदर्शन का स्थानीय राजनीतिक मुद्दा भी बनाया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग है। कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। इन आरोपों और मांगों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है।
बैरिकेड्स पर चढ़े कार्यकर्ता
कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर कुछ कार्यकर्ता चढ़ गए। उन्हें रोकने के दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक रोकने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस की कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश रोकने के रूप में सामने आई।
पुतला दहन के बाद सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके बाद एसडीएम पराग जैन को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, नगर अध्यक्ष मोनू लोक्स, मंगेश संघई, सत्यनारायण पाटीदार, चंद्रशेखर पालीवाल, पार्षद योगेश प्रजापति, संदीप चौधरी, मन्नू बना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कई कार्यकर्ता काले कपड़ों में भी नजर आए। कांग्रेस ने इसे विरोध के प्रतीक के रूप में बताया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी, बैरिकेडिंग और धक्का-मुक्की के चलते कलेक्ट्रेट क्षेत्र में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
