
जीरन। जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम हरवार में पशुपालक रामस्वरूप जाट के बाड़े में एक साथ सात गायों की मौत का मामला सामने आया है। एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में गोवंश की मौत से पशुपालक परिवार सदमे में है, वहीं घटना को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल है।
पशुपालक के अनुसार मृत गायों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए है। सात दुधारू गायों की एक साथ मौत होने से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ ही पशुपालन आधारित आजीविका पर भी असर पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर जीरन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में मृत गायों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
एक साथ सात गायों की मौत के पीछे क्या कारण रहा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। दूषित चारा या पानी, किसी विषैले पदार्थ के संपर्क अथवा बीमारी सहित विभिन्न संभावनाओं को लेकर जांच की जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम और विसरा जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। पशुपालक परिवार और ग्रामीण रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त पशुपालक को नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
