महिला कर्मचारियों को हटाये जाने के विवाद के बाद एफिल टॉवर प्रमुख देंगे इस्तीफा

पेरिस, 30 सितंबर (वार्ता) बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामिनारायण (बीएपीएस) संस्था के एक धार्मिक समूह के एफिल टॉवर के दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल से हटाये जाने के विवाद के बाद इसका संचालन करने वाली कंपनी के प्रमुख पैट्रिक ब्रांको रुइवो इस वर्ष के अंत में पद छोड़ देंगे। साल 2018 से एफिल टॉवर के महानिदेशक रहे श्री रुइवो के कार्यकाल में हुई एक आंतरिक जांच में दौरे के आयोजन में ‘परिचालन संबंधी खामियों और कमियों’ का पता चला। कंपनी सेते ने कहा कि इन कमियों के कारण महिला कर्मचारियों
को हटाया जाना ‘अस्वीकार्य’ था।

पांच सितंबर को बीएपीएस से जुड़े करीब 100 लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने एफिल टॉवर का निजी दौरा किया था। संगठन ने दौरे के दौरान ‘महिलाओं के साथ बातचीत’ सीमित रखने का अनुरोध किया था। इसके बाद महिला कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल से हटकर उनकी जगह पुरुष कर्मचारियों को तैनात करने के लिए कहा गया। यूनियन प्रतिनिधि डायने दावोइन ने घटना के बाद कहा कि महिला कर्मचारियों को इस तरह का व्यवहार दोबारा न झेलना पड़े। घटना के विरोध में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद पेरिस शहर के अधिकारियों ने भी जांच शुरू की।

कंपनी के बोर्ड अध्यक्ष एरियल वेइल ने कहा कि एफिल टॉवर में एक विशेष प्रोटोकॉल विभाग बनाया जाएगा और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए नये उपाय तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू किये जाएंगे। एफिल टॉवर का स्वामित्व पेरिस नगर प्रशासन के पास है और यहां हर वर्ष करीब 70 लाख पर्यटक आते हैं। बीएपीएस की स्थापना गुजरात में 100 से अधिक वर्ष पहले हुई थी। संगठन स्वयं को सामाजिक-आध्यात्मिक हिंदू संस्था बताता है। इसके साधु ब्रह्मचर्य के कड़े नियमों का पालन करते हैं और अनुयायियों से भी कुछ नैतिक नियमों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है।

.....

Next Post

कटिठवाडा पुलिस टीम के द्वारा अवैध शराब परिवहन के विरूद्ध कार्यवाही

Wed Sep 30 , 2026
आलीराजपुर। थाना कटिठवाडा क्षेत्रान्‍तर्गत दिनांक 29.09.2026 को रात्रि लगभग 23.30/23.45 बजे थाना मोबाईल को रात्रि भ्रमण के दौरान मुखबिर से अवैध शराब परिवहन संबंधी सूचना प्राप्‍त हुई । प्राप्‍त सूचना के आधार पर कटिठवाडा पुलिस टीम ग्राम रठौडी पहुंचकर घेराबन्‍दी कर कच्चे रास्ते से आ रही एक सफेद रंग की […]

You May Like