
खंडवा। शहर के नया बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार को हुई खूनी वारदात ने अब जान ले ली है। सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल किशन गुप्ता की मंगलवार देर शाम खंडवा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद दो परिवारों के बीच 15 साल से चली आ रही पुरानी रंजिश का नतीजा है। 4 दिन पहले भी दोनों पक्षों में चाकूबाजी हो चुकी है। सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दोनों परिवार एक बार फिर आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने खूनी रूप ले लिया।इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और चाकू-फरसे चल गए, जिसमें 4 लोग लहूलुहान हो गए। घटना में एक पक्ष के हर्षल यादव के गले पर धारदार हथियार से गंभीर चोट आई, जिसे गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के किशन गुप्ता को खंडवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
किशन गुप्ता की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और समाज के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ता देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहले इस मामले में मारपीट का केस दर्ज किया गया था, अब पीएम रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल भवानी माता और बस स्टैंड क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
