
खरगोन। पुलिस ने शेडो एरिया (नो मोबाइल नेटवर्क झोन) में हो रही गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में 60 क्विंटल हरे गांजे के पौधे जब्त किए गए है। इसकी बाजारु कीमत 3 करोड़ रुपए आंकी गई है।
सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी रविंद्र वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई चैनपुर थानाक्षेत्र के 2 अलग-अलग स्थानों पर की गई। ग्राम जामली में की गई कार्यवाही में पुलिस ने कुल 9391 गांजे के पौधे खेत से उखाडऩे के बाद जब्त किए है। इनका कुल वजन 3765 किलो होकर 1 करोड़ 88 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। इसी तरह ग्राम गुवाड़ाव ठाटा फलिया में की गई कार्यवाही में 5800 गांजे के पौधे उखाड़े गए। इनका वजन 2209 किलो होकर कीमत 1 करोड़ 10 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है। इन खेतों तक पुलिस ड्रोन की मदद से पहुंची। खेतों तक सर्चिंग, नदी, पहाड़ एवं दुर्गम स्थानों से होकर पहुंचे थे। अवैध गांजे के पौधों को उखाडऩे में अनेक पुलिसकर्मियों को कई घंटो कड़ी मेहनत करनी पड़ी। कार्रवाई ग्राम जामली के रहने वाले दंगलिया, मधू व सुखलाल एवं ग्राम गुवाड़ाव ठाटा फलिया के जागीर के खेतों में की गई। कार्रवाई में थाना चैनपुर, थाना भीकनगाँव, थाना बिस्टान, थाना गोगावां एवं पुलिस लाइन की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।
ग्राम जामली में की जा रही अवैध खेती के चलते आरोपी दंगलिया पिता भुवान, मधू पिता दंगलिया एवं सुखलाल पिता केरिया तीनों निवासी ग्राम जामली के विरुद्ध थाना चैनपुर पर प्रकरण दर्ज किया है।
इसी प्रकार ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया में आरोपी जागीर पिता बुटसिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। उक्त की गई कार्यवाही शेडो एरिया में होने से विशेष चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
…………..
