नई दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) बिम्सटेक देशों ने क्षेत्र में आतंकवाद और सीमा पार अपराध से निपटने के लिए सहयोग और समन्वय बढ़ाने के उपायों पर मंगलवार को यहां चर्चा की।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि बिम्सटेक आतंकवाद रोधी और सीमा पार अपराध संबंधी संयुक्त कार्य समूह की आज संपन्न हुई 11वीं बैठक में सदस्य देशों ने पारंपरिक और उभरते गैर-पारंपरिक सुरक्षा खतरों पर विचार किया।
भारत की मेजबानी में हुई बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में आतंकवाद निरोधक मामलों के अतिरिक्त सचिव डॉ. सुहेल अजाज खान ने की। बैठक में बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के प्रतिनिधिमंडलों ने हिस्सा लिया। बैठक में क्षेत्र में आतंकवाद और सीमा पार अपराध से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया और सुझाव दिए गए।
इसके अलावा संयुक्त कार्य समूह के तहत विभिन्न उप-समूहों की बैठकों की रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। इनमें मानव तस्करी, मादक पदार्थों, मन:प्रभावी पदार्थों और उनके लिए इस्तेमाल होने वाले रसायनों की अवैध तस्करी की रोकथाम, धनशोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण से मुकाबला, कानूनी और कानून प्रवर्तन से जुड़े मुद्दे तथा कट्टरपंथ और आतंकवाद से निपटने में सहयोग से जुड़े उप-समूह शामिल हैं।

