दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से एएसआई सौरभ राजपूत की मौत

छिंदवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र के चंदनगांव स्थित सतीजा पेट्रोल पंप के पास रविवार रात लगभग 10 बजे हुए सड़क हादसे में पांढुर्ना में पदस्थ एएसआई सौरभ राजपूत (30) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सौरभ राजपूत श्रीवास्तव कॉलोनी के निवासी थे। रविवार को वे दोस्तों के साथ नागपुर रोड स्थित एक होटल में डिनर करने गए थे। लौटते समय उनके दोस्त बाइक में पेट्रोल भरवाने गए और सौरभ सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे लोगों को सांप मारते देखा और वहां जाने लगे। जैसे ही वे डिवाइडर से उतरे, नागपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सौरभ करीब 15 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही निरीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पुलिस का कहना है कि फरार कार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

परिवार में शोक

सौरभ राजपूत अपने पीछे पत्नी, मां-पिता, बड़ा भाई और तीन साल की बेटी को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा भाई भारतीय वायुसेना में जालंधर में पदस्थ है और घटना की खबर मिलते ही छिंदवाड़ा रवाना हो गया। हादसे से परिवार और क्षेत्र में गहरा शोक छा गया है।

Next Post

मेडिकल अस्पताल में चूहों का आतंक, 3 मरीजों को काटकर किया घायल

Mon Sep 15 , 2025
जबलपुर। इंदौर के एमवाय अस्पताल में हाल ही में चूहों के काटने से हुई दो मासूम बच्चों की मौत के बाद अब जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मानसिक रोग विभाग में 3 मरीजों को चूहे द्वारा काटने की घटना सामने आई है। जिसको लेकर अब अस्पताल […]

You May Like