
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के बजाय सरकार लड़कियों को शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दे रही है। श्री केजरीवाल ने मंगलवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि आस्था कुंज रेप मामले के बाद दिल्ली की छात्राओं में आक्रोश है और कई महिला कॉलेजों की छात्राएं अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने छात्राओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दीं और उन्हें शाम या रात में घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी। उन्होंने सवाल किया कि सुरक्षा व्यवस्था की कमी का खामियाजा लड़कियों को ही क्यों भुगतना पड़े।
उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह यहां नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करायें। उन्होंने दिल्ली में सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क तैयार करने, उनकी रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए केंद्रीय कमांड स्ट्रक्चर बनाने और अंधेरे वाले स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के दौरान 2.62 लाख सीसीटीवी कैमरे और 2.80 लाख स्ट्रीट लाइटें लगायी गयी थीं, जिनमें से उनके अनुसार आधे से अधिक अब काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने इन्हें फिर से चालू कराने तथा प्रत्येक कॉलेज में दो-दो महिला पुलिस अधिकारियों की तैनाती की मांग की।
आप नेता ने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को राजनीतिक संरक्षण मिलने से गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्राओं और महिलाओं को यह सलाह देना बंद करना चाहिए कि वे शाम सात बजे के बाद घर से बाहर न निकलें। उनके अनुसार महिलाएं भी स्वतंत्र नागरिक हैं और उन्हें समान रूप से स्वतंत्रता तथा सुरक्षित वातावरण में रहने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
