जबलपुर: संजीवनीनगर थाना गुलौआ चौक में मूर्ति व्यापारी के दो बैंक खातों से बिना किसी ओटीपी या पासवर्ड शेयर किए शातिरों ने 2 लाख 68 हजार 960 रुपये पार कर दिए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुलौआ चौक निवासी अतुल विश्वकर्मा 24 वर्षीय भेड़ाघाट में मूर्तियों की दुकान लगाता हैं। सुबह करीब 11 बजे जब उसने अपना मोबाइल देखा, तो फोन पर यूनियन बैंक और इंडियन बैंक के खातों से पैसे कटने के कई मैसेज आए हुए थे। जालसाजों ने इस पूरी वारदात को बीती रात 12 बजे से 1 बजे के बीच अंजाम दिया जब पीड़ित सो रहा था।
7 किस्तों में निकाली रकम
शातिर ठगों ने पीड़ित के दो बैंकों को निशाना बनाते हुए कुल 7 ट्रांजैक्शन कर पूरी रकम उड़ाई है। पीड़ित अतुल विश्वकर्मा का कहना है कि उसने न तो किसी को अपना एटीएम कार्ड नंबर बताया, न ही कोई लिंक क्लिक किया और न ही किसी को ओटीपी दिया। इसके बावजूद उनके खातों से कुल 2,68,960 गायब हो गए।
