इंदौर: हिंदी पखवाड़े के तहत शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन में 14 से 28 सितंबर तक पुस्तक प्रदर्शनी एवं पुस्तक मेले का आयोजन किया गया. पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में पठन संस्कृति विकसित करना और हिंदी साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाना रहा.
प्रदर्शनी में मुंशी प्रेमचंद, महादेवी वर्मा, जयशंकर प्रसाद, रामधारी सिंह ‘दिनकर’ और हरिवंश राय बच्चन सहित प्रमुख साहित्यकारों की कालजयी कृतियां प्रदर्शित की गईं.
छात्राओं ने पुस्तकों का अवलोकन कर साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों की जानकारी ली. आयोजन में प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों, जनभागीदारी शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की. प्रदर्शनी के जरिए छात्राओं को हिंदी साहित्य की विविध विधाओं, प्रमुख रचनाकारों और उसकी समृद्ध परंपरा से परिचित कराया गया. संस्था प्रमुख डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव के मार्गदर्शन, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. वैरागी के सहयोग और पुस्तकालय प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाती सोनी के नेतृत्व में आयोजन संपन्न हुआ. आयोजकों के अनुसार, पुस्तक प्रदर्शनी से महाविद्यालय में नियमित पठन-पाठन और पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा मिला.
