दिल्ली पुलिस ने 35 मिनट में ब्रिक्स प्रतिनिधि का तीन लाख रुपये से भरा बैग बरामद किया

नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका के एक ब्रिक्स प्रतिनिधि का तीन लाख रुपये की भारतीय और अमेरिकी मुद्रा से भरा बैग गायब होने की सूचना मिलने के 35 मिनट के भीतर एक कैब से बरामद कर लिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि प्रतिनिधि के निर्धारित प्रस्थान से कुछ देर पहले उसका बैग उसे लौटा दिया गया।

पुलिस के अनुसार दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने आये प्रतिनिधि ने गुरुग्राम के एक मॉल का दौरा किया था। मध्य दिल्ली के एक होटल लौटने के बाद उसे पता चला कि नकदी से भरा उसका छोटा बैग गायब है।

पुलिस को रविवार शाम 7.10 बजे बैग गायब होने की सूचना मिली।

नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रतिनिधि द्वारा यात्रा के लिए इस्तेमाल की गयी कैब का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित कीं

पुलिस की एक टीम करीब 7.15 बजे होटल पहुंची और प्रतिनिधि की यात्रा तथा वाहन से जुड़ी जानकारी हासिल करने के बाद कैब का पता लगाने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस ने दावा किया कि करीब 7.45 बजे तक कैब और उसके चालक का पता लगा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार कैब चालक ने शुरुआत में पुलिस से बचने की कोशिश की, लेकिन बाद में सहयोग किया। वाहन की सीट के नीचे नकदी से भरा बैग मिला। सत्यापन के बाद पूरी रकम प्रतिनिधि को सौंप दी गयी।

उन्होंने बताया कि रात 8.15 बजे पुलिस ने नकदी प्रतिनिधि को सौंप दी, जो दक्षिण अफ्रीका के लिए उसके निर्धारित प्रस्थान से करीब 30 मिनट पहले था।

 

Next Post

रजत गणेश मंदिर में स्थापित हुई 41 किलो चाँदी के श्री गणेश जी की भव्य प्रतिमा

Tue Sep 15 , 2026
जबलपुर: गणेशोत्सव के पहले दिन ललपुर रोड, गौरीघाट स्थित प्रसिद्ध सिद्ध गणेश धाम रजत गणेश मंदिर में महागणेशोत्सव के पावन अवसर पर 41 किलोग्राम चाँदी से निर्मित भगवान श्री गणेश जी महाराज की दिव्य प्रतिमा पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्यतापूर्वक स्थापित की गई। विश्वभर में अपनी तरह […]

You May Like