नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के प्रदर्शन को लेकर सोमवार को कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एनएसयूआई प्रभारी और अध्यक्ष विनोद जाखड़ से चुनाव परिणाम और संगठन के प्रदर्शन की रिपोर्ट ली।
श्री गांधी से मुलाकात के बाद श्री जाखड़ ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय से जिस तरह का परिणाम सामने आया, उससे नाराजगी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि बैठक में चुनाव परिणाम के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर रखा है और चुनाव में एक पार्टी को जिताने के लिए संस्थाओं का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन भी अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं कर रहा है और संस्थाओं की साख लगातार गिर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में बागी हुए छात्रों को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई, बल्कि संगठन को मजबूत करने और भविष्य में बेहतर काम करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
गौरतलब है कि श्री गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत देशभर में छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। इसी बीच डूसू चुनाव में एनएसयूआई के अपेक्षा से खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी नेतृत्व ने संगठन के साथ चुनाव परिणाम की समीक्षा की।

