खुला मैदान देने के बजाय कड़ी चुनौती पेश करने में जुटा इंडिया समूह 

प्रवेश कुमार मिश्र

 

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया समूह के रणनीतिकार किसी भी हाल में राजग उम्मीदवार के लिए खुला मैदान देने को तैयार नहीं है. राजग द्वारा सर्वसम्मति व निर्विरोध के प्रयास को अनसुना करते हुए इंडिया समूह ने दक्षिण बनाम दक्षिण को ही महत्व देते हुए तेलंगाना से संबंध रखने वाले उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति चुनाव का उम्मीदवार बनाकर तमिलनाडु से संबंध रखने वाले राजग उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के सामने चुनौती पेश कर दी है.

सूत्रों की मानें तो पिछले दिनों तमिलनाडु से राज्यसभा सांसद व डीएमके नेता तिरूची सिवा को उम्मीदवार बनाने का प्रयास किया गया था लेकिन इंडिया गठबंधन के कई सहयोगी दलों के राजनीतिक व व्यवहारिक सुझाव को ध्यान में रखते हुए तामिलनाडु के सिवा के बजाय पूर्व के आंध्रप्रदेश और अब तेलंगाना से संबंध रखने वाले रेड्डी को मैदान में उतारा गया है.

सूत्र बता रहे हैं कि राजग के रणनीतिकार जिस तरह से इंडिया समूह के डीएमके को घेरने की रणनीति बनाई है , उसी तर्ज पर इंडिया समूह के रणनीतिकार राजग सहयोगी टीडीपी और अन्य क्षेत्रीय दलों के सामने क्षेत्रीय अस्तित्व को आधार बनाकर घेरने का प्रयास कर रहे है. उनकी पार्टी के लोकसभा में 16 और राज्यसभा में दो सदस्य हैं. जगन मोहन की वाईएसआरसीपी के लोकसभा में चार सदस्य हैं, जबकि राज्य सभा में अभी सात सदस्य हैं. बी सुदर्शन रेड्‌डी की उम्मीदवारी के साथ दक्षिण के दलों की उपराष्ट्रपति चुनाव में परीक्षा तय हो गई है.

हालांकि सीपी राधाकृष्णन की उम्मीदवारी से डीएमके में सेंध लगने की उम्मीद है. एम के स्टालिन की अगुवाई वाली डीएमके पास लोकसभा और राज्यसभा को मिलाकर कुल 32 वोट हैं. ऐसे में एनडीए और इंडिया अलायंस के दक्षिण कार्ड से दक्षिण के राजनीतिक दलों और वहां के सांसदों की मुश्किल बढ़ गई है. यही धर्मसंकट वाईएसआरसीपी और तेलंगाना में मुख्य विपक्ष बीआरएस के सामने भी होगा. बीआरएस के पास राज्यसभा में तीन सदस्य हैं. बहरहाल, अंकगणित में राजग की बढ़त के बावजूद यह माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के निशाने पर दक्षिण भारतीय सांसद ही हैं.

Next Post

रिटायर्ड जज के बंगले सहित कई जगहों पर चोरी, धार-टांडा के आधा दर्जन संदिग्ध हिरासत में

Wed Aug 20 , 2025
इंदौर. खुड़ैल थाना क्षेत्र में रिटायर्ड जज रमेश गर्ग के बंगले और सिमरोल की एक टाउनशिप में हुई सिलसिलेवार चोरियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. ग्रामीण पुलिस ने धार-टांडा इलाके से आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में सभी के पुराने […]

You May Like