वार्ड-13 की बदहाली: सड़क पर बहता सीवेज, चोक नालियां और बंद स्ट्रीट लाइट बनीं आफत

विजय शर्मा

भोपाल: शहर के वार्ड नंबर 13 में सीवेज, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित विभागों को शिकायत की गई, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप रहवासियों ने लगाया है।ग्रीन पार्क कॉलोनी क्षेत्र में सीवेज की समस्या सबसे गंभीर बताई जा रही है। नालियों का पानी कई जगह सड़क पर बहता रहता है। इससे गंदगी और दुर्गंध के साथ आवागमन में भी परेशानी होती है। रहवासियों के मुताबिक निगम के अधिकारी मौके से गुजरते हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद समस्या दूर नहीं होती।
मंदिर के सामने कचरा, सड़क पर बढ़ा खतरा
ग्रीन पार्क क्षेत्र में पुलिया के पास प्राचीन शिव मंदिर स्थित है। मंदिर के सामने ही सड़क पर कचरे का ढेर लगा रहने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास नियमित सफाई होनी चाहिए, लेकिन यहां लंबे समय तक कचरा पड़ा रहता है।
पुलिया की सड़क की स्थिति भी खराब है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। सड़क पर गड्ढे और आसपास फैली गंदगी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है।
नालियां चोक, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर भी सवाल
पश्चिम निशातपुरा दुर्गा मंदिर क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें हैं। रहवासियों के अनुसार गलियों और सड़कों की नियमित सफाई नहीं होती। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से वे चोक हो जाती हैं और गंदा पानी सड़क पर फैलता है।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि कई बार कचरा वाहन कर्मचारी कचरा लेने में आनाकानी करते हैं और घरों को सूचना देने के लिए सीटी भी नहीं बजाते। इससे कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित होती है।
बिजली कटौती और बंद स्ट्रीट लाइट से परेशानी
रहवासियों के अनुसार फीडर बदलने के बाद दिन में कई बार बिजली कटौती होती है। कई बार कटौती घंटों तक जारी रहती है। त्योहारों के दौरान जलापूर्ति प्रभावित होने की शिकायत भी लोगों ने की है। क्षेत्र में कई स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से रात में आवाजाही में परेशानी होती है।
मंदिर के पास स्थित कुएं की सुरक्षा जाली भी कई जगह से टूट गई है। लोगों का कहना है कि इसे तत्काल दुरुस्त नहीं किया गया तो दुर्घटना हो सकती है।
आवारा पशु और कुत्तों की समस्या
क्षेत्र में निजी पशुपालकों द्वारा गायों को दूध निकालने के बाद सड़कों पर छोड़ने की शिकायत है। इससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा रहता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों की मौजूदगी से भी लोग परेशान हैं। रहवासियों ने कुत्तों का टीकाकरण और आवश्यक नियंत्रण कार्रवाई की मांग की है।
सार्वजनिक स्थानों पर नशे की शिकायत
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के कुछ सार्वजनिक स्थानों पर कई बार नशा और अन्य संदिग्ध गतिविधियां होती हैं। इससे आसपास रहने वाले परिवारों और महिलाओं को परेशानी होती है। लोगों ने ऐसे स्थानों पर नियमित का निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
टीला शॉपिंग सेंटर पर कार्यक्रम, रात में जाम
टीला स्थित शॉपिंग सेंटर में नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित होने के दौरान आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। रहवासियों के अनुसार कार्यक्रम खत्म होने के समय रात में जाम की स्थिति बनती है। लोगों ने कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने और पार्किंग की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

Next Post

दो दिन की छुट्टी के बाद सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के नए भाव जारी, जानें अपने शहर का ताजा रेट

Mon Sep 28 , 2026
नई दिल्ली, सप्ताहांत की दो दिनों की छुट्टी के बाद आज खुले कारोबारी बाजार में सोने और चांदी की नई दरें जारी कर दी गई हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 0.12% की हल्की गिरावट के साथ 1,50,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर […]

You May Like