प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसी में ठनी, सीआईएसएफ ने कराया गेट पास

परासिया। नैहरिया भूमिगत खदान में स्लैक और स्टीम से जुड़े मामले की जांच के बीच अब खदान प्रबंधन और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के बीच समन्वय को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई के दौरान कोयले से भरे ट्रक को खदान परिसर से बाहर कर पुलिस के सुपुर्द किए जाने और उसका गेट पास सीआईएसएफ द्वारा किए जाने की बात सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खदान परिसर से पुलिस ने करीब 36 टन 200 किलो स्टीम से भरे ट्रक को जब्त कर सिंगोड़ी चौकी में खड़ा कराया है। बताया जा रहा है कि ट्रक का गेट पास सीआईएसएफ की ओर से कराया गया, जबकि इस कार्रवाई के लिए खदान प्रबंधन की ओर से किसी लिखित अनुमति अथवा सूचना दिए जाने की बात सामने नहीं आई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

खदान प्रबंधन की भूमिका पर भी उठे सवाल

मामले में अब खदान प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सामान्य प्रक्रिया के अनुसार कोयला परिवहन में लगे ट्रक में किस ग्रेड का कोयला लोड किया जाना है, इसकी जानकारी एरिया सेल्स द्वारा खदान प्रबंधन को दी जाती है। इसके बाद ट्रक के खदान में प्रवेश के दौरान सुरक्षा एजेंसी द्वारा वजन आदि की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाती है और कोयला लोड करने की अनुमति दी जाती है।

ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि यदि ट्रक में स्लैक की जगह स्टीम लोड हुआ, तो इसकी अनुमति किस स्तर से मिली? बंकर ऑपरेटर ने किसके निर्देश पर ट्रक में स्टीम लोड किया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत इसकी निगरानी किस स्तर पर की गई?

एक ओर ट्रक को पुलिस के सुपुर्द किए जाने और गेट पास जारी किए जाने को लेकर सीआईएसएफ की भूमिका पर सवाल हैं, वहीं दूसरी ओर कोयले के ग्रेड में कथित बदलाव को लेकर खदान प्रबंधन की जवाबदेही भी जांच के दायरे में आती है। अब जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि ट्रक में स्टीम कैसे और किसकी अनुमति से लोड हुआ तथा गेट पास जारी करने की प्रक्रिया में किन अधिकारियों की भूमिका रही।

Next Post

आस्था और विश्वास के साथ ‘हनुमान अंश’ ने जीता देश का दिल - अभिनेत्री नेहा परांजपे

Sun Sep 27 , 2026
खंडवा। विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ में पार्वती माई का मुख्य किरदार निभाने वाली अभिनेत्री नेहा परांजपे शनिवार को खंडवा पहुंची। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि किशोर कुमार की नगरी में एक कार्यक्रम में शामिल […]

You May Like