चमोली, 27 सितंबर,(वार्ता) उत्तराखंड में रुद्रनाथ ट्रैक पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सगर गांव के समीप ट्रैक पर करीब चार किलोमीटर आगे पहाड़ी से गिरकर व्यक्ति 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से शव बरामद किया।
एसडीआरएफ के अनुसार, रविवार सुबह जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआर), चमोली से गौचर स्थित एसडीआरएफ पोस्ट को रुद्रनाथ ट्रैक पर एक व्यक्ति के पहाड़ी से गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम ने करीब 150 मीटर गहरी खाई से व्यक्ति का शव बरामद किया।
इसके बाद शव को सुरक्षित रूप से सड़क तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक की पहचान अशोक (36 वर्ष), पुत्र श्रीकांत, निवासी चेन्नयी के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की विस्तृत की जा रही है।
