फर्जी एपीके डाउनलोड कराकर छह लोगों से 4.90 लाख ठगे, क्राइम ब्रांच ने पूरी रकम लौटाई

इंदौर: मोबाइल अपडेट, ट्रैफिक चालान, बैंक केवाईसी, गेमिंग, बिजली बिल और धार्मिक कार्यक्रम के नाम पर भेजी गई फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड करना छह लोगों को भारी पड़ गया. फाइल इंस्टॉल होते ही मोबाइल हैक कर ठगों ने बैंक खातों से 4 लाख 90 हजार रुपए निकाल लिए. शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की साइबर टीम ने बैंकों के साथ समन्वय कर पूरी रकम वापस करा दी.

ठगों ने व्हाट्सएप और मैसेज के जरिए अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ितों को एपीके फाइल भेजी थी. इनमें एक महिला एडवोकेट से मोबाइल अपडेट के नाम पर 1.30 लाख, एक व्यक्ति से ट्रैफिक चालान के नाम पर 45 हजार और दूसरे से बैंक केवाईसी के नाम पर 90 हजार रुपए ठगे गए. इसी तरह गेमिंग के नाम पर 95 हजार, बिजली बिल भुगतान के नाम पर 1.02 लाख और धार्मिक कार्यक्रम की एपीके भेजकर 28 हजार रुपए की ठगी की गई.

ठगी का पता चलते ही सभी पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की. साइबर टीम ने तत्काल बैंकिंग लेनदेन की जानकारी जुटाकर संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों से संपर्क किया. समय पर कार्रवाई के चलते ठगी की पूरी 4.90 लाख रुपए की राशि वापस करा दी गई. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया का कहना है कि मोबाइल अपडेट, चालान, केवाईसी, बिजली बिल या किसी अन्य बहाने से भेजी जाने वाली एपीके फाइल को डाउनलोड न करें. साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने से रकम वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है.

Next Post

भारत के साथ रूस ने निभाई यारी, UNSC में स्थायी सदस्यता के लिए किया समर्थन का ऐलान, बोले- यह जरूरी है

Sun Sep 27 , 2026
न्यूयॉर्क, UNGA में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने UNSC में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया और सुरक्षा परिषद सुधार में पश्चिमी देशों के बढ़ते प्रतिनिधित्व पर चेताया। रूस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह भारत का सच्चा दोस्त है। रूस के विदेश […]

You May Like