
जबलपुर। मदनमहल थाना अंतर्गत स्नेह नगर में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े चाबी बनाने और अलमारी ठीक करने के बहाने घर में दाखिल हुए दो शातिर बदमाशों ने एक महिला ब्यूटिशियन को अपनी ठगी का शिकार बना लिया। शातिर चोरों ने पलक झपकते ही अलमारी के लॉकर की चाबी से ताला खोला और उसमें रखे सोने-चांदी के सारे जेवरात समेटकर भाग निकले। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हुलिए के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्नेह नगर, मदनमहल निवासी मीनाक्षी नायडू (52) घर से ही ब्यूटिशियन का काम करती हैं, शनिवार दोपहर लगभग 3:30 बजे अपने घर पर अकेली थीं। इसी दौरान सडक़ पर दो व्यक्ति ताले की चाबी बनवालो की आवाज लगाते हुए जा रहे थे। दोनों व्यक्ति हुलिए से पंजाबी लुक के थे और सिर पर पगड़ी बांधे हुए थे। आवाज सुनकर मीनाक्षी ने उन्हें रोका और बताया कि उनकी गोदरेज की अलमारी के दरवाजे का हैण्डल टूट गया है, जिसे ठीक करना है। महिला की बात सुनकर दोनों कारीगर बनकर घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाश अलमारी का हैण्डल सुधारने का नाटक करने लगे। इसी बीच मीनाक्षी नायडू किचन में चल रही गैस को बंद करने के लिए अंदर चली गईं। बस इसी चंद मिनटों के मौके का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने अलमारी के लॉकर में अपनी मास्टर-की लगाई और उसे खोलकर अंदर रखे सारे जेवरात पार कर दिए। जब महिला किचन से बाहर आई, तो बदमाशों ने बड़ी चालाकी से कहा कि हमारी एक चाबी अंदर ही टूट गई है, हम बाजार से दूसरा औजार लेकर आते हैं और इसे ठीक कर देंगे। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही दोनों तेजी से घर से बाहर निकल गए। काफी देर तक जब दोनों व्यक्ति वापस नहीं आए, तो महिला को की शंका हुई। उन्होंने तुरंत अलमारी के पास जाकर देखा तो हैण्डल टूटा हुआ था। जब उन्होंने लॉकर खोलकर चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। लॉकर के अंदर रखे पुराने पुश्तैनी जेवरात गायब थे
